कोरबा: निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में वाहन पलटने से युवक की मौत, मजदूरों में आक्रोश
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ गिट्टी खाली करते समय एक भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से 25 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मूलतः बिहार निवासी उम्रर समन्स के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कोरबा की 15 ब्लॉक कॉलोनी में रहकर कार्य कर रहा था। यह पूरा मामला रजगामार पुलिस थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की साइट पर गिट्टी से लदा एक वाहन सामग्री खाली कर रहा था। इसी दौरान वाहन का हाइड्रोलिक जैक अचानक टूट गया, जिससे गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे के वक्त पास में ही खड़ी एक अन्य ट्रेलर वाहन का मालिक उम्रर समन्स अपनी गाड़ी की स्टेपनी बदल रहा था। वाहन की चपेट में आने और दबने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
इस घटना के बाद कार्यस्थल पर मौजूद मजदूरों में भारी आक्रोश देखा गया। प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों ने वाहन चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिस समय गिट्टी खाली की जा रही थी, उस वक्त साइट इंचार्ज मौके पर मौजूद नहीं था और चालक अकेले ही असुरक्षित तरीके से गाड़ी खाली कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और रजगामार पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
