शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माता: सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री साय ने किया सेवा और जनकल्याण का आह्वान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम अपने घरों में एक दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह दीप सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प को और मजबूत करने का प्रतीक बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है और हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माता: उप मुख्यमंत्री अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु का स्थान सदैव सर्वोपरि रहा है। शिक्षक अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं और नई पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का भी निर्माण करते हैं। शिक्षकों का ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।

उप मुख्यमंत्री साव ने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।

शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी: मंत्री दयाल दास बघेल

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास पैदा करती है और आगे बढ़ने की शक्ति देती है। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक दीपक की तरह ज्ञान का प्रकाश फैलाकर बच्चों का भविष्य संवारते हैं। मंत्री बघेल ने सम्मानित सभी शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र रहे उपस्थित

इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक भी शामिल हुए। समारोह में शिक्षकों के योगदान और मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया।

About The Author