विधानसभा बजट सत्र के सफल समापन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को दी गई बधाई

रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र के सफल समापन पर मंत्रीगण और विधायकगण ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में भेंट कर उन्हें बधाई दी।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वय और सहयोग से ही यह सत्र सफल और सार्थक बन पाया है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का पावन मंदिर है और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना इसका मूल दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट सत्र के दौरान लगभग 585 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया, जो एक प्रेरणादायक पहल है। इससे यह संदेश गया है कि राज्य सरकार भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है, जिसका सीधा संबंध राज्य की आंतरिक सुरक्षा, शांति और समृद्धि से है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सत्र में कुल 15 बैठकें आयोजित हुईं और यह सत्र महत्वपूर्ण और परिणामकारी रहा। सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन द्वारा कृतज्ञता व्यक्त की गई और वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित किया गया। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी संपन्न हुए।

उन्होंने जानकारी दी कि सत्र में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026, छत्तीसगढ़ नगर एवं ग्राम निवेश संशोधन विधेयक 2026 और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल संशोधन विधेयक 2026 जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने संबंधी विधेयक और छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल विधेयक भी सर्वसम्मति से पारित हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्र के दौरान सदन के सदस्यों ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की, प्रश्न पूछे और अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया, जो लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है।

About The Author