जशपुर में सरहुल महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश की समृद्धि की कामना

रायपुर। विष्णु देव साय आज जशपुर के दीपू बगीचा में आयोजित पारंपरिक सरहुल महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने धरती माता, सूर्य देव और साल वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा और अच्छी फसल की कामना की। पारंपरिक रस्म के तहत बैगा ने मुख्यमंत्री के कान में सरई फूल खोंचकर उन्हें आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों को सरहुल उत्सव और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, धरती और जीवन के संतुलन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बैगा, पाहन और पुजारी द्वारा की जाने वाली पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति है। यह पर्व जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है, जिसे संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार जनता से किए गए वादों को तेजी से पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक 25 किश्तों में 16 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है, जिससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिली है। साथ ही 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर किसानों को उचित मूल्य दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में प्रस्तुत धर्म स्वातंत्र्य विधेयक सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अवैध धर्मांतरण पर नियंत्रण स्थापित होगा।

उल्लेखनीय है कि सरहुल पर्व चैत्र माह में मनाया जाने वाला उरांव समुदाय का प्रमुख त्योहार है, जो प्रकृति के नवजीवन और ऋतु परिवर्तन का प्रतीक है। इस अवसर पर धरती माता और सूर्य देव के प्रतीकात्मक विवाह के साथ सामूहिक पूजा की जाती है। सरना स्थल पर पारंपरिक विधि से पूजा, प्रसाद वितरण और लोकनृत्य-गीतों के माध्यम से सामाजिक एकता को मजबूत किया जाता है।

कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में सजी 100 से अधिक महिलाओं और युवतियों ने सरहुल नृत्य प्रस्तुत किया। मांदर की थाप और उत्साहपूर्ण माहौल ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट, विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

About The Author