छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: महंगाई और मनरेगा के मुद्दे पर विधानसभा घेराव, दिग्गज नेताओं ने भरी हुंकार
रायपुर। विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने आज विधानसभा घेराव किया। इससे पहले भारत माता चौक पर आयोजित सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सभा में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने मनरेगा का नाम बदलने, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, किसानों पर अत्याचार, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध और जंगलों की कटाई जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को डीएपी खाद तक उपलब्ध नहीं हो रही है। उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि आम लोगों पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है।
भूपेश बघेल ने रोजगार, महंगाई और गरीबों के अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पहले मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर मजदूरी मिलती थी, लेकिन अब इसमें कमी आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के लिए मिलने वाली राशि में भी कटौती की गई है, जिससे गरीबों पर सीधा असर पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि सरकार विरोध की आवाज को दबा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को न तो सड़कों पर बोलने दिया जा रहा है और न ही विधानसभा में उनकी बात सुनी जा रही है। महंत ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह घेराव मनरेगा, बढ़े हुए बिजली बिल, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया।
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर कूच कर घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
