13 मार्च को जारी होगी पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त, बलौदाबाजार के 1.27 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
रायपुर। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त की राशि का अंतरण 13 मार्च 2026 को शाम 5 बजे गुवाहाटी, असम से किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत देश के लगभग 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार 650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
इस योजना के तहत बलौदाबाजार जिले के एक लाख 27 हजार 544 पात्र किसानों को लाभ मिलेगा। जिले में इस दिन को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
पीएम किसान उत्सव के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रमुख विशेषता इसकी पारदर्शी व्यवस्था है। योजना के तहत राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है। इस राशि का उपयोग किसान बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में कर सकते हैं, जिससे खेती का खर्च कम होने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 12 से 31 मार्च तक ग्राम पंचायत स्तर पर सेचुरेशन ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत किसानों के एग्रीस्टेक पोर्टल में फार्मर आईडी पंजीयन, ई-केवायसी, आधार सीडिंग, संदिग्ध प्रकरणों का सत्यापन एवं सुधार कार्य तथा पात्र किसानों का नया पंजीयन किया जाएगा।
