लखनऊ में बेटे ने पिता की हत्या कर शव के टुकड़े किए, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले अपने पिता मानवेंद्र सिंह को रायफल से गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से उसने उसे एक ड्रम में छिपाने की कोशिश की। शव ड्रम में नहीं समाने पर आरोपी ने आरी से दोनों हाथ काट दिए। बाद में सिर और पैरों को भी धड़ से अलग कर दिया।

आरोप है कि युवक कटा हुआ सिर कार से लगभग 21 किलोमीटर दूर एक सुनसान इलाके में फेंक आया। हाथ और पैरों को भी अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया गया। हत्या में इस्तेमाल की गई रायफल को भी आरोपी ने एक गड्ढे में दबा दिया था।

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी अक्षत सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर शव के अंगों और हथियार की बरामदगी की प्रक्रिया शुरू की गई। यह मामला सोमवार को उजागर हुआ, जिसके बाद शहर में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चार महीने पहले मानवेंद्र सिंह के घर से कीमती गहनों की चोरी हुई थी। उन्होंने नौकरानी पर संदेह जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में शिकायत वापस ले ली थी। पुलिस के अनुसार बाद में पता चला कि चोरी की घटना में परिवार के सदस्य की भूमिका थी।

बताया जा रहा है कि 22 फरवरी की तड़के पिता ने बेटे को पढ़ाई को लेकर समझाया था। इसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। 20 फरवरी से लापता पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी आरोपी बेटे ने ही दर्ज कराई थी।

परिजनों के अनुसार आरोपी ने एक कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी की थी और दो बार परीक्षा दी, लेकिन सफल नहीं हो सका। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author