प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे, CM मोहन यादव ने दी बधाई; बोले- विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में दें योगदान

उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उज्जैन में आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति समर्पण की अविराम यात्रा बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रसेवा की यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का प्रत्येक क्षण देश की सेवा और विकास के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार करने की निरंतर साधना रही है।

2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति कलश यात्रा में शामिल लोगों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घ, स्वस्थ और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में लाखों नागरिक सेवा संकल्प ज्योति यात्रा से जुड़ रहे हैं।

उज्जैन बना प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश में विकास के साथ धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिली है। उन्होंने उज्जैन में श्री महाकाल लोक के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके बाद उज्जैन प्रमुख धार्मिक तीर्थाटन केंद्र के रूप में तेजी से उभरा है।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 तक उज्जैन में लगभग 60 से 70 लाख श्रद्धालु आते थे, जबकि वर्ष 2025 में यहां करीब 7 करोड़ तीर्थयात्री पहुंचे। मुख्यमंत्री के अनुसार, मध्यप्रदेश में पर्यटकों की कुल संख्या भी 20 करोड़ के पार पहुंच गई है।

योजनाओं से करोड़ों लोगों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने कोरोना जैसी वैश्विक चुनौती का सामना किया और कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। उन्होंने अनुच्छेद 370, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला गैस योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा यात्रा देश को विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

सेवा ज्योति मशाल यात्रा और कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेश नाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जितेंद्र पंडिया, सतीश मालवीय और डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

About The Author