कुम्हारी में खाली प्लॉट की झाड़ियों में मिला अज्ञात शव, ओडिशा की ट्रेन टिकट और इंजेक्शन बरामद
दुर्ग। कुम्हारी क्षेत्र के एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के पास जाकर देखा, तो वहां एक शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना तत्काल कुम्हारी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक ट्रेन टिकट बरामद हुआ है, जो ओडिशा के केसिंगा स्टेशन का बताया जा रहा है। इसके अलावा शव के पास ही एक इंजेक्शन भी मिला है। शुरुआती जांच में अत्यधिक नशीले पदार्थ के सेवन से मृत्यु होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
कुम्हारी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल मृतक का नाम और पता अज्ञात है, जिसकी पहचान के लिए पुलिस ओड़िशा पुलिस से भी संपर्क कर सकती है।
