रायपुर रेल मंडल का उरकुरा स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान, 185 यात्रियों पर हुई कार्रवाई

रायपुर। रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा शुक्रवार को उरकुरा रेलवे स्टेशन पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति प्रोत्साहित करना और नियमों के पालन के लिए जागरूक करना था। जांच के दौरान रेल नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई भी की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन पर आयोजित इस एंबुश टिकट चेकिंग अभियान में कुल 185 मामले दर्ज किए गए। रेल विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिना टिकट यात्रा करते हुए 177 यात्री पकड़े गए। इसके अतिरिक्त अनियमित टिकट पर यात्रा करने का 1 मामला, निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने का 1 मामला और जुर्माना न भरने वाले 5 यात्रियों पर कार्रवाई की गई।

इस विशेष जांच अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, वाणिज्य निरीक्षक और टिकट चेकिंग स्टाफ सहित कुल 20 सदस्यों की टीम शामिल थी। टीम ने उरकुरा स्टेशन पर रुकने वाली लोकल ट्रेनों की बारीकी से जांच की। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और असुविधा से बचने के लिए सही कोच में बैठें।

About The Author