मोबाइल विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मोबाइल को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कमलापदर बड़े कारली गांव में एक युवक ने अपने ही बड़े भाई की लकड़ी के खोटले से हमला कर हत्या कर दी। घटना गीदम थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच मोबाइल को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने धान कूटने में उपयोग होने वाले लकड़ी के खोटले से अपने बड़े भाई की छाती पर जोरदार वार किया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गीदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।
