मध्यप्रदेश की अवैध शराब की बॉटलिंग कर दुर्ग-भिलाई में बिक्री, एक आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर। मध्यप्रदेश से अवैध रूप से शराब मंगाकर उसमें पानी मिलाकर बॉटलिंग कर दुर्ग-भिलाई शहर में बिक्री करने वाले गिरोह के एक आरोपी को पद्मनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब और बॉटलिंग सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक बोतल शराब में पानी मिलाकर दो बोतल तैयार करता था और उन्हें स्थानीय बाजार में खपाता था। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से अनुपपुर मध्यप्रदेश राज्य की 85 नग मसाला शराब, 9 नग रोमियो देशी मसाला शराब, बॉटलिंग के लिए प्रयुक्त गोवा व्हिस्की की खाली बोतलें, पौवा, शीशियां, ढक्कन, छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग की लेबल पर्ची एवं होलोग्राम बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि 5 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुबेश दत्ता अपने निवास प्रणव कॉम्प्लेक्स, बोरसी भांठा दुर्ग में दीगर राज्य से शराब मंगाकर अवैध रूप से बॉटलिंग कर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के घर के कमरों की तलाशी ली, जहां बड़ी मात्रा में शराब के साथ एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
