मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साहित्यकार स्व. लोचन प्रसाद पाण्डेय की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध साहित्यकार स्वर्गीय लोचन प्रसाद पाण्डेय की जयंती (4 जनवरी) के अवसर पर उनके उत्कृष्ट साहित्यिक अवदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय पाण्डेय जी ने अपनी सशक्त लेखनी से छत्तीसगढ़ की साहित्यिक तथा सांस्कृतिक परंपराओं को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बिलासपुर जिले के बालपुर गांव में जन्मे स्वर्गीय लोचन प्रसाद पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ी, हिंदी एवं ओड़िया भाषाओं में सृजन कर बहुभाषी साहित्य साधना का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी रचनाओं में लोकजीवन, नैतिक मूल्य, सामाजिक सरोकार तथा मानवीय संवेदनाएं प्रभावशाली रूप में अभिव्यक्त हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय पाण्डेय जी का साहित्य संयम, सदाचार, चरित्र निर्माण तथा सामाजिक जागरण का सशक्त माध्यम रहा है। छत्तीसगढ़ के साहित्यिक गौरव के रूप में उनका नाम सदैव आदरपूर्वक स्मरण किया जाता रहेगा। ‘साहित्य वाचस्पति’ सम्मान से अलंकृत उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व छत्तीसगढ़ की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। स्वर्गीय लोचन प्रसाद पाण्डेय की साहित्यिक विरासत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देती रहेगी।
