अंबिकापुर: महामाया मंदिर परिसर में नए साल पर लगी आग, समय पर काबू पाया गया
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित मां महामाया मंदिर परिसर में नए वर्ष के अवसर पर सोमवार सुबह आग लगने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। आग भक्तों द्वारा मन्नत के लिए बांधे गए धागों तथा चुनरियों से फैली, जो लापरवाही के कारण भड़की।
नए साल के मौके पर सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। आग लगते ही मंदिर प्रबंधन तथा मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति संभाली तथा कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। इससे किसी बड़ी घटना टल गई।
इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन तथा मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से दर्शन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
