नववर्ष 2026 से पहले धमतरी में भव्य फ्लैग मार्च, प्रशासन ने दिया शांति और सुरक्षा का संदेश
धमतरी। नववर्ष 2026 के स्वागत में कुछ ही घंटे शेष रहने के बीच जिले में शांति, सौहार्द और मजबूत कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धमतरी जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में भव्य फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया, वहीं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि नववर्ष के जश्न में किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सुरज सिंह परिहार ने किया। उनके नेतृत्व में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का वाहन काफिला शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का निरीक्षण किया गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत रक्षित केंद्र से हुई, जो अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड, अर्जुनी मोड़ होते हुए नहरनाका चौक और विंध्यवासिनी मंदिर परिसर तक संपन्न हुआ। मार्ग में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पैदल मार्च करते नजर आए, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि नववर्ष को ध्यान में रखते हुए इस बार फ्लैग मार्च में नगर निगम को भी शामिल किया गया है, ताकि स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा सके। उन्होंने जिलेवासियों को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए शांति और भाईचारे के साथ उत्सव मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सुरज सिंह परिहार ने कहा कि नववर्ष के दौरान अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में नाकाबंदी, रैंडम चेकिंग, अतिरिक्त गश्ती दलों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 100, 112 या धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 94791-92299 पर संपर्क किया जा सकता है। फ्लैग मार्च के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसडीएम पीयूष तिवारी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित सभी थाना प्रभारी, बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी और यातायात पुलिस के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि नववर्ष 2026 को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
