रायपुर में नशे के खिलाफ अभियान: कबीर नगर से दंपति गिरफ्तार, 16 ग्राम हेरोइन जब्त

रायपुर। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे नशे के खिलाफ विशेष अभियान के तहत कबीर नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। सूचना पर छापेमारी कर हरप्रीत कौर और उनके पति जोधा सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 16.01 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त हुई, जिसकी कीमत करीब 3.20 लाख रुपये आंकी गई है।

पंजाब से लाकर बेचते थे हेरोइन

पुलिस को सूचना मिली थी कि कबीर नगर के एलआईजी 02/20 में हरप्रीत कौर हेरोइन बिक्री के लिए रखी हुई है। अतिरिक्त एसपी (पश्चिम) दौलत राम पोर्ते और नगर एसपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल के निर्देश पर थाना प्रभारी कबीर नगर की टीम ने छापा मारा। तलाशी में पलंग के दराज से प्लास्टिक जिपर में हेरोइन मिली। पूछताछ में हरप्रीत ने बताया कि पति जोधा सिंह पंजाब से हेरोइन लाकर बिक्री करते हैं। कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर हरप्रीत को गिरफ्तार किया गया।

उसी दौरान मौके पर पहुंचे जोधा सिंह को भी पकड़ा गया। उन्होंने जुर्म कबूल किया। पुलिस ने हरप्रीत से एक मोबाइल (15 हजार रुपये) और जोधा सिंह से एक मोबाइल (10 हजार रुपये) सहित कुल 3.45 लाख रुपये की सामग्री जब्त की। थाना कबीर नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध क्रमांक 261/25 दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

About The Author