न्यू ईयर ईव से पहले चिट्टा सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 18 ग्राम हेरोईन जब्त

रायपुर। न्यू ईयर ईव के मद्देनजर पार्टियों में चिट्टा (हेरोईन) की सप्लाई करने की फिराक में लगे आरोपी मनीष रोचलानी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमल विहार सेक्टर 04 स्थित शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ खड़ा है और उसे खपाने की तैयारी में है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर आरोपी को चिन्हांकित कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष रोचलानी, निवासी कमल विहार, टिकरापारा, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोईन) बरामद हुआ।

चिट्टा के संबंध में पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा और हेरोईन को पंजाब से लाने की बात कही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 18 ग्राम चिट्टा (हेरोईन), जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये है, जब्त की।

इस मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1043/25 धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में लूट के प्रकरण में भी जेल जा चुका है और नव वर्ष के दौरान आयोजित पार्टियों में चिट्टा खपाने की योजना बना रहा था। गिरफ्तार आरोपी मनीष रोचलानी, पिता सुनील रोचलानी, उम्र 26 वर्ष, निवासी आई-214 वेलफेयर सोसायटी, सेक्टर 04, कमल विहार, थाना टिकरापारा, रायपुर है।

About The Author