कोंडागांव : सिर कटी लाश मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

कोंडागांव। विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम चनाभर्री जंगल में मिली सिर कटी लाश के सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे आरोपी रामू नेताम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

6 दिसंबर 2025 को चनाभर्री जंगल में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर विश्रामपुरी पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में शव की पहचान लछिन्दर पांडे, निवासी बाड़ागांव के रूप में हुई। मृतक की सिर धड़ से अलग कर निर्मम हत्या की गई थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

जांच में पता चला कि मामूली विवाद के चलते हत्या हुई। विश्रामपुरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 8 दिसंबर 2025 को मुख्य आरोपी श्यामलाल नेताम को गिरफ्तार किया था, जबकि उसका छोटा भाई रामू नेताम फरार था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार प्रयासों के बाद 24 दिसंबर 2025 को धमतरी जिले के खैरभर्री गांव से रामू नेताम (पिता गंगाराम नेताम, उम्र 24 वर्ष, निवासी कुररूभाट) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बड़े भाई के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author