CG News: कार्टून लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण, CM विष्णुदेव साय ने कार्टून फेस्टिवल-2026 को किया संबोधित
रायपुर। कार्टून केवल हंसने-हंसाने और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण भी है। यह गंभीर विषयों और सामाजिक विसंगतियों को हास्य एवं व्यंग्य के जरिए सरलता से लोगों तक पहुंचाता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार जो बात हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून बेहद सरल और गहरे अंदाज में व्यक्त कर देता है। कार्टून समाज को हंसाने के साथ सोचने, समझने और आत्ममंथन करने के लिए भी प्रेरित करता है।
आर.के. लक्ष्मण के ‘कॉमन मैन’ को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए प्रख्यात कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ केवल एक कार्टून चरित्र नहीं, बल्कि आम नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं, जिज्ञासाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद बदलते भारत और सामाजिक परिस्थितियों को कार्टून के माध्यम से जिस प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया, वह भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।
कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
कार्टून फेस्टिवल-2026 में जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की वर्षों की साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी के कलाकारों को बेहतर कार्य करने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता दिखाने और इस कला से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
युवा कार्टूनिस्टों से बोले CM साय—अपनी मौलिकता बनाए रखें
मुख्यमंत्री ने युवा कार्टूनिस्टों का आह्वान करते हुए कहा कि नई पीढ़ी में प्रतिभा, कल्पनाशीलता और तकनीक की अपार संभावनाएं हैं। डिजिटल माध्यमों के विस्तार से कलाकारों को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए नए मंच मिले हैं।
उन्होंने युवा कलाकारों से अपनी मौलिकता और रचनात्मक दृष्टि बनाए रखते हुए इन अवसरों का लाभ उठाने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की अपील की।
कार्टून के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा पर आधारित पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व और उसकी यात्रा को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का एक विशिष्ट और रोचक तरीका है।
कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे, 31वें वर्ष में प्रवेश
मुख्यमंत्री ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून जैसी विशिष्ट कला विधा को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन उल्लेखनीय उपलब्धि है। कार्टून वॉच ने स्थापित और नवोदित कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के साथ इस कला के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान दिया है।
