जशपुर में बरसात की बाधाएं होंगी दूर, 237 पुल-पुलियों के निर्माण को 130 करोड़ से अधिक की स्वीकृति



जशपुर। बरसात के दिनों में ग्रामीणों के आवागमन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले में 237 पुल-पुलियों के निर्माण के लिए 130 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत नदियों पर उच्चस्तरीय पुलों के साथ-साथ नालों पर पुल-पुलियों का तेजी से निर्माण कराया जा रहा है, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी। अब बरसात के दौरान उफनते नदी-नाले ग्रामीणों की राह में बाधा नहीं बनेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले में 22 उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण के लिए 109 करोड़ 09 लाख रुपये की मंजूरी दी है। ये पुल जिले के प्रमुख मार्गों और नदियों-नालों पर बनाए जा रहे हैं, जिससे वर्षभर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा। इसके साथ ही गांव, टोला और पारा को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से 215 छोटे पुल-पुलियों के निर्माण के लिए 20 करोड़ 93 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

गौरतलब है कि जशपुर जिले में बरसात के मौसम में कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाता था, जिससे किसानों, छात्रों, मरीजों और आम नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुल-पुलियों के निर्माण से न केवल सुरक्षित आवागमन संभव होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी। इसके साथ ही दूरी और समय की बचत से लोगों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

जिले को मिली इस बड़ी सौगात पर क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जशपुर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और सुशासन का प्रभाव सड़कों और पुलों के रूप में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।

About The Author