कबीर नगर में कपड़ा कारोबारी भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला, दोनों गंभीर
रायपुर। कबीर नगर स्थित एम्स रेसिडेंसी परिसर में शनिवार देर रात दो कपड़ा कारोबारी भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कपड़ा कारोबारी आकाश सखूजा शनिवार रात करीब 10 बजे अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान कुछ युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारी के साथ बदसलूकी करते हुए हंगामा करने लगे। आरोपियों ने कर्मचारी को धमकी भी दी।
डर के कारण कर्मचारी ने फोन कर आकाश सखूजा को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। विवाद सुलझाने के लिए जब आकाश मौके पर पहुंचे तो आरोपी युवक उनसे उलझ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपी एम्स रेसिडेंसी परिसर में पहुंचे और आकाश के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर आकाश सखूजा पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई विशाल सखूजा पर भी हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जांच जारी है।
