प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए पंजीयन शुरू, विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा मार्गदर्शन
बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देशभर के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संवाद का मौका एक बार फिर मिलने जा रहा है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम इस वर्ष अपने 9वें संस्करण में आयोजित किया जाएगा। इस मंच के माध्यम से प्रधानमंत्री छात्रों द्वारा पूछे गए परीक्षा संबंधित प्रश्नों के उत्तर देंगे और परीक्षा के तनाव को कम करने हेतु उपयोगी सुझाव देंगे।
कार्यक्रम के लिए कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक अपने प्रश्न अधिकतम 500 शब्दों में तैयार कर सकते हैं। प्रश्न अपलोड करने की सुविधा भारत सरकार के पोर्टल http://innovateindia1.mygov.in पर उपलब्ध है। वहीं, पोर्टल के परीक्षा पे चर्चा विकल्प में प्रतिभागी पुरस्कारों की तिथियों तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
प्रश्न अपलोड करने की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और यह 11 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी। प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर अपने प्रश्न पंजीकृत कर इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करें।
