मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे, जनता के भरोसे पर खरा उतरने का दावा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल के आज दो वर्ष पूरे हो गए। इसी दिन दो वर्ष पूर्व भाजपा विधायक दल ने उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना था। इस अवसर पर सीएम साय ने कहा कि मोदी की गारंटी पर मिले ऐतिहासिक जनादेश के बाद हमारी सरकार ने अधिकांश बड़े वादों को धरातल पर उतारा है और शेष घोषणाओं को भी तय समय-सीमा में पूरा करने का कार्य निरंतर जारी है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज शहीद वीर नारायण सिंह का पावन दिवस है। इसी ऐतिहासिक दिन संगठन ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। जनता व संगठन के विश्वास ने हमें और अधिक उत्तरदायी बनाया है। दो वर्षों में जनता के बीच भरोसे की मजबूत नींव रखी गई है।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए विजन डॉक्यूमेंट और नई औद्योगिक नीति के माध्यम से दीर्घकालीन दिशा तय की गई है। उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन लाने का संकल्प है। हमारा लक्ष्य ऐसा सुखी-संपन्न छत्तीसगढ़ बनाना है जहां युवाओं को बेहतर अवसर मिलें और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचे। शहीद वीर नारायण सिंह के स्वप्न को साकार करना हमारी प्रेरणा है।
