विश्व साइकिल दिवस पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने युवाओं संग भरी रफ्तार, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जगदलपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम उत्साह और ऊर्जा से भरपूर रहा। इस विशेष आयोजन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं के साथ साइकिल चलाकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जुम्बा गतिविधि में भी हिस्सा लिया और युवाओं के जोश को बढ़ाया।
कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी और नागरिक शामिल हुए। साइकिल चलाते हुए डिप्टी सीएम साव ने लोगों से अपने दैनिक जीवन में साइकिल को शामिल करने की अपील की।
फिट शरीर और स्वच्छ पर्यावरण के लिए साइकिल जरूरी
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। नियमित साइकिलिंग से शरीर स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बना रहता है। यह न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच साइकिल एक सरल और प्रभावी विकल्प है, जिसे हर आयु वर्ग के लोग अपना सकते हैं।
पर्यावरण बचाने का सबसे आसान तरीका
डिप्टी सीएम ने कहा कि साइकिल पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि लोग छोटी दूरियों के लिए मोटर वाहनों की जगह साइकिल का उपयोग करें तो प्रदूषण कम होगा, ईंधन की बचत होगी और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि साइकिल हमारे जीवन को स्वस्थ बनाने के साथ-साथ प्रकृति की रक्षा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को जितना संभव हो, साइकिल का उपयोग करना चाहिए।
युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने साइकिलिंग और जुम्बा गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। पूरे आयोजन में फिटनेस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। डिप्टी सीएम ने युवाओं से ‘फिट इंडिया’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और नियमित व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
