छत्तीसगढ़ को जल्द मिलेगी अत्याधुनिक CM हेल्पलाइन, ठठारी बनेगा नगर पंचायत; जनचौपाल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बड़े ऐलान

गरियाबंद। सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनचौपाल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए अत्याधुनिक CM हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के समयबद्ध समाधान की निगरानी की जाएगी और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बरगद की छांव में ग्रामीणों के बीच आयोजित जनचौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल योजनाओं की समीक्षा का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने ग्रामीणों से महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।

70 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची महतारी वंदन योजना की राशि

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी की गई है, जिसके तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरित की गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान के लिए सरकार लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

सूर्यघर योजना से घटेगा बिजली का खर्च

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का लाभ उठाकर आम उपभोक्ता अपने बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी ला सकते हैं। उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्राओं का अवसर मिल रहा है।

ठठारी में बैंक शाखा और नगर पंचायत का रास्ता साफ

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की जरूरतों और विकास कार्यों से जुड़ी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

उन्होंने चतुर्भुज विष्णु मंदिर के निकट श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आरती घाट निर्माण की घोषणा की। साथ ही लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए ठठारी में बैंक शाखा खोलने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि ठठारी को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में ठठारी को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की गई।

जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनना ही असली सुशासन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करना है। जब जनप्रतिनिधि और अधिकारी सीधे लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनते हैं, तभी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और जनचौपाल क्षेत्रवासियों के लिए यादगार अवसर बन गई।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

About The Author