मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सौजन्य भेंट
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ और झारखंड के साझा विकास, सीमावर्ती क्षेत्रों की प्रगति तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

दोनों राज्यों के बीच मजबूत हैं सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड केवल भौगोलिक रूप से पड़ोसी राज्य नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से जशपुर क्षेत्र का झारखंड से वर्षों पुराना आत्मीय जुड़ाव रहा है, जिसने दोनों राज्यों के लोगों के बीच विश्वास और निकटता को और मजबूत किया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर हुई चर्चा
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा दोनों राज्यों के बीच विकास संबंधी अनुभवों के आदान-प्रदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
सहयोग से खुलेंगे विकास के नए अवसर
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच आपसी सहयोग और समन्वय से विकास के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि इस सहयोग का सबसे अधिक लाभ सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को मिलेगा और दोनों राज्यों के बीच विकास की साझेदारी और मजबूत होगी।
