Train Cancellation List: रायपुर-नागपुर रूट के यात्रियों के लिए जरूरी खबर, 10 और 11 जून को कई ट्रेनें रहेंगी रद्द
रसमड़ा स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे ने लिया फैसला, पैसेंजर और मेमू सेवाएं होंगी प्रभावित
रायपुर। रायपुर-नागपुर रेल मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत रसमड़ा स्टेशन पर मालगोदाम लाइन-06 के कमीशनिंग कार्य के लिए विशेष प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किए जाएंगे। इसके चलते 10 और 11 जून को इस रूट की कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 9 जून को लाइन क्रमांक-05 पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के लिए शाम 6 बजे से रात 10:30 बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके बाद 10 जून को डाउन मुख्य आउटर संयुक्त लाइन पर भी इसी अवधि के लिए ब्लॉक रहेगा। मुख्य नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य 11 जून को सुबह 11:30 बजे से शुरू होकर 12 जून की सुबह 2:30 बजे तक चलेगा।
10 और 11 जून को रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार निम्नलिखित ट्रेनें रद्द रहेंगी—
68709 रायपुर–डोंगरगढ़ मेमू (10 एवं 11 जून)
68710 डोंगरगढ़–रायपुर मेमू (11 एवं 12 जून)
68711 डोंगरगढ़–गोंदिया मेमू (10 एवं 11 जून)
68712 गोंदिया–डोंगरगढ़ मेमू (10 एवं 11 जून)
68713 गोंदिया–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी मेमू (10 एवं 11 जून)
68716 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–गोंदिया मेमू (10 एवं 11 जून)
68714 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–बालाघाट मेमू (10 एवं 11 जून)
68715 बालाघाट–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी मेमू (10 एवं 11 जून)
ये पैसेंजर ट्रेनें बीच रास्ते में होंगी समाप्त
रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करने का भी निर्णय लिया है—
68705 रायपुर–डोंगरगढ़ पैसेंजर 10 एवं 11 जून को केवल दुर्ग तक चलेगी। दुर्ग से डोंगरगढ़ के बीच सेवा रद्द रहेगी।
68706 डोंगरगढ़–बिलासपुर पैसेंजर 10 एवं 11 जून को दुर्ग स्टेशन से संचालित होगी। डोंगरगढ़ से दुर्ग के बीच ट्रेन रद्द रहेगी।
यात्रा से पहले जरूर जांच लें ट्रेन का स्टेटस
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य पूरा होने के बाद रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
