‘बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ थीम पर सक्ती में मैराथन दौड़, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

सक्ती। जिले में जनभागीदारी, स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ‘बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ थीम के तहत भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह 6:30 बजे सेजेस स्कूल, सक्ती से मैराथन दौड़ की शुरुआत हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर और जिला पंचायत सीईओ वाशु जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी मैराथन

निर्धारित मार्ग के अनुसार मैराथन सेजेस स्कूल से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, गौरव पथ, बुधवारी बाजार, राजापारा चौक, शनि मंदिर चौक और मालखरौदा बस स्टैंड होते हुए पुनः सेजेस स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई।

खेलों को बढ़ावा देने अधिकारियों ने खेला क्रिकेट

मैराथन के समापन के बाद सेजेस स्कूल परिसर में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वाशु जैन एवं अन्य अधिकारियों ने क्रिकेट खेलकर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। अधिकारियों ने युवाओं और आम नागरिकों से नियमित रूप से खेलों और फिटनेस गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

स्वास्थ्य और जनभागीदारी का संदेश

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। आयोजन में सभी आयु वर्ग के लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

About The Author