छत्तीसगढ़ की बेटी महक नरवासे बनीं भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान, श्रीलंका सीरीज में दिखाएंगी दम
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए एक और गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है। राजनांदगांव की प्रतिभाशाली क्रिकेटर महक नरवासे का चयन भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में किया गया है। खास बात यह है कि उन्हें आगामी श्रीलंका सीरीज के लिए टीम का उपकप्तान (वाइस कैप्टन) भी नियुक्त किया गया है। यह उपलब्धि न केवल महक के लिए बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव जिले के लिए गर्व का विषय है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की महिला चयन समिति ने श्रीलंका महिला अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाली टी-20 और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा की है। टीम की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज भाविका अहीरे को सौंपी गई है, जबकि महक नरवासे को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है।
महक नरवासे छत्तीसगढ़ क्रिकेट की उभरती हुई तेज गेंदबाजों में गिनी जाती हैं। उन्होंने अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला टीमों में राज्य का प्रतिनिधित्व किया है। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और अब भारतीय टीम में जगह बनाकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
वर्तमान में महक बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में प्रशिक्षण ले रही हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी अनुशासित गेंदबाजी और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
22 जून से शुरू होगी भारत-श्रीलंका सीरीज
बीसीसीआई द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार भारत और श्रीलंका की अंडर-19 महिला टीमों के बीच 22 जून से टी-20 सीरीज का आगाज होगा। तीन टी-20 मुकाबले चेन्नई में खेले जाएंगे, जबकि इसके बाद तीन वनडे मैच पुडुचेरी में आयोजित होंगे।
महक नरवासे के चयन और उपकप्तान बनने की खबर से राजनांदगांव सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने इसे प्रदेश की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
