‘वीरोश’ की शादी पर ऋषभ शेट्टी का ‘नो कमेंट्स’: क्या रक्षित शेट्टी संग टूटी सगाई अब भी है विवाद की वजह?

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 26 फरवरी की सुबह उदयपुर में पारिवारिक और करीबी लोगों की मौजूदगी में शादी कर ली। निजी समारोह में दोनों ने सात जन्मों तक साथ निभाने की शपथ ली। इससे पहले 22 फरवरी को दोनों ने अपने विवाह की आधिकारिक घोषणा की थी। शादी से पहले संगीत, हल्दी और मेहंदी की रस्में 25 फरवरी को संपन्न हुईं। समारोह के दौरान विरोश प्रीमियर लीग और पूल गेम्स जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सुबह 10 बजे संपन्न विवाह के बाद दोनों अब पति-पत्नी बन चुके हैं। प्रशंसकों को उनकी आधिकारिक शादी की तस्वीरों का इंतजार है।

इसी बीच एक कार्यक्रम में ऋषभ शेट्टी से रश्मिका की शादी को लेकर सवाल किया गया, जिस पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। ऋषभ शेट्टी ने रश्मिका की कन्नड़ डेब्यू फिल्म किरिक पार्टी का निर्देशन किया था। वे मंत्रालयम में श्री राघवेंद्र गुरुवैभवोत्सव के समापन दिवस पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी आगामी फिल्म जय हनुमान के लॉन्च कार्यक्रम में भाग लिया। इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत वर्मा कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में ऋषभ शेट्टी ने विभिन्न सवालों के जवाब दिए। जब एक रिपोर्टर ने पूछा कि क्या उन्हें रश्मिका की शादी का निमंत्रण मिला है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए धन्यवाद कहा और वहां से चले गए।

गौरतलब है कि रश्मिका मंदाना की 2017 में रक्षित शेट्टी से सगाई हुई थी, जो 2018 में समाप्त हो गई थी। बाद में एक इंटरव्यू में रश्मिका द्वारा प्रोडक्शन हाउस Paramvah Studios को लेकर की गई टिप्पणी चर्चा में रही थी। इसके बाद ऋषभ शेट्टी ने भी सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी थी।

हाल ही में अभिनेता प्रमोद शेट्टी से भी रश्मिका की शादी को लेकर सवाल किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि निमंत्रण मिलेगा तो वे अवश्य शामिल होंगे। इस बयान पर सोशल मीडिया में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

About The Author