स्टेशनरी दुकान से रेलवे ई टिकट की दलाली, युवक गिरफ्तार
बिलासपुर। स्टेशनरी, फोटो कॉपी और ऑनलाइन सेंटर की आड़ में रेलवे की ई टिकट की दलाली करने वाले एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 25 हजार रुपये के टिकटों का अवैध कारोबार पकड़ा गया है।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार नागपुर रेल मंडल में पिछले चार दिनों के दौरान सात टिकट दलालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिनके पास से 3 लाख 3100 रुपये के टिकटों का अवैध कारोबार सामने आया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
गर्मी और छुट्टियों का मौसम शुरू होते ही ट्रेनों में आरक्षण के लिए भीड़ बढ़ जाती है। इसका फायदा उठाकर टिकटों की दलाली करने वाले सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे मामलों पर रेलवे सुरक्षा बल की लगातार नजर बनी हुई है।
इसी कड़ी में रेलवे सुरक्षा बल के सेटलमेंट पोस्ट को सूचना मिली कि सकरी मेन रोड स्थित श्री स्टेशनरी फोटो कॉपी एवं ऑनलाइन सेंटर से अवैध रूप से ई टिकट बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर सोमवार को टीम ने दुकान पर छापा मारा।
पूछताछ के दौरान दुकान संचालक तुलेश कुमार ने बताया कि उसने अपने नाम की यूजर आईडी से आरक्षित ई टिकट बनाई थी, जिसकी कुल कीमत 24 हजार 518 रुपये थी। जांच के दौरान मोबाइल में बनाई गई टिकटों की पड़ताल की गई तो उसी आईडी से 15 और टिकट बनाए जाने की जानकारी मिली।
इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया। मौके से 15 ई टिकट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। कार्रवाई की जानकारी सकरी थाना को देने के बाद आरोपी को आरपीएफ पोस्ट बिलासपुर लाया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन ई टिकट बनाने की गतिविधियों पर आईआरसीटीसी के सर्वर के माध्यम से नजर रखी जाती है। एक यूजर आईडी से एक महीने में अधिकतम छह टिकट बनाने की अनुमति होती है, लेकिन कुछ आईडी से हर महीने 10 से 12 टिकट बनाए जा रहे थे। ऐसी आईडी की जानकारी आईआरसीटीसी संबंधित रेल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल को उपलब्ध कराता है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाती है।
