प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित, प्रतिभाशाली बच्चों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर। बच्चों की असाधारण प्रतिभा, नवाचार, साहस और समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 हेतु नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश के प्रतिभाशाली बच्चों, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देश का सर्वोच्च बाल सम्मान माना जाता है। यह पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर समाज में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया हो। यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक बच्चे स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अभिभावक, स्कूल, सामाजिक संस्थाएं तथा अन्य व्यक्ति भी योग्य बच्चों का नामांकन कर सकते हैं।
सभी आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने ऐसे बच्चों को विशेष रूप से आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया है, जिन्होंने अपने कार्यों, उपलब्धियों और नवाचारों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।
राज्य शासन ने प्रदेश के नवाचारी, प्रतिभाशाली और प्रेरणादायी बच्चों से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने तथा अपनी उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है।
यह पुरस्कार न केवल बच्चों की प्रतिभा को सम्मानित करता है, बल्कि देशभर के युवाओं को उत्कृष्ट कार्य करने और समाज के लिए प्रेरणा बनने का अवसर भी प्रदान करता है।

About The Author