राज्यपाल रमेन डेका ने ‘प्रारंभ’ पत्रिका के विशेषांक का किया विमोचन
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने आज “सोसायटी फॉर एम्पावरमेंट” द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘प्रारंभ’ के विशेषांक का विमोचन किया। यह विशेषांक “प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में जनजातीय ज्ञान की प्रासंगिकता” विषय पर केंद्रित है, जिसमें जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान, पर्यावरण संरक्षण की जीवनशैली और प्रकृति के साथ उनके संतुलित संबंधों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।
इस विशेषांक का संपादन लोकभवन, रायपुर के संवैधानिक प्रकोष्ठ के उपसचिव डॉ. रूपेन्द्र कवी द्वारा किया गया है। पत्रिका में जनजातीय समाज के उन पारंपरिक अनुभवों और ज्ञान प्रणालियों को समाहित किया गया है, जो वर्तमान समय की पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विमोचन अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने पत्रिका की विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि यह विशेषांक पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के संदर्भ में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का पारंपरिक ज्ञान प्रकृति के संरक्षण और संसाधनों के संतुलित उपयोग की अनमोल विरासत है, जिससे वर्तमान और भावी पीढ़ियां महत्वपूर्ण सीख ले सकती हैं।
राज्यपाल ने संपादकीय टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रकाशन पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और जनजातीय ज्ञान की उपयोगिता को व्यापक स्तर पर स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने पत्रिका के संपादक एवं पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
