राजधानी दहली: एनआईए–एनएसजी ने संभाली जांच, मौके पर पहुंचे, मरने वालों की संख्या बढ़ी

नई दिल्ली। सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में हुए भीषण विस्फोट से पूरा क्षेत्र दहल उठा। धमाका इतना शक्तिशाली था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई। सड़क पर मलबा फैलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।

घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हैं। सभी घायलों को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनआईए, एनएसजी और फॉरेंसिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरा बनाकर सील कर दिया गया है। जांच एजेंसियों ने आसपास के CCTV कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि विस्फोट के कारणों और संभावित संदिग्धों का पता लगाया जा सके।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना की जानकारी लेकर अधिकारियों को तेजी से जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय ने दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। अभी तक किसी संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है। जांच एजेंसियां हर संभावित कोण से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

About The Author