दिल्ली ब्लास्ट पर भूटान में बोले पीएम मोदी: षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा, एजेंसियां तह तक पहुंचेंगी

थिंपू: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान यात्रा के दौरान दिल्ली में कल शाम हुए ब्लास्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। ग्लोबल पीस प्रेयर फेस्टिवल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे शामिल षड्यंत्रकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा, “आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी को व्यथित कर दिया है। इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। पूरा देश पीड़ितों के साथ खड़ा है।”

उन्होंने बताया कि कल रात भर वे जांच एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में रहे। विचार-विमर्श जारी रहा और सूचनाओं के तार जोड़े जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास दिलाया कि हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जरूर पहुंचेंगी।

इसके बाद पीएम ने भूटान के साथ भारत के ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि आज का दिन भूटान, उसके राज परिवार और विश्व शांति में विश्वास रखने वालों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सदियों से दोनों देशों का संबंध गहन, आत्मीय और सांस्कृतिक रहा है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित होना भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने ग्लोबल पीस प्रेयर फेस्टिवल, भगवान बुद्ध के पिपरहवा अवशेषों के दर्शन और भूटान के चौथे राजा के 70वें जन्मदिन समारोह की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि इन आयोजनों में दोनों देशों के मजबूत रिश्तों की झलक दिखाई देती है।

About The Author