शराब घोटाला मामला: ईडी ने सौम्या चौरसिया को स्पेशल कोर्ट में किया पेश
रायपुर। 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में गिरफ्तार राज्य प्रशासनिक सेवा की निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज स्पेशल कोर्ट में पेश किया। ईडी ने मंगलवार को लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था और आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग के साथ कोर्ट में प्रस्तुत किया है।
उल्लेखनीय है कि ईडी ने शराब घोटाला मामले में पूछताछ के लिए सौम्या चौरसिया को मंगलवार को तलब किया था। पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। सौम्या चौरसिया कोयला घोटाला मामले की भी प्रमुख आरोपियों में शामिल रही हैं। इससे पहले मई माह में सुप्रीम कोर्ट की शर्तों पर सौम्या चौरसिया समेत छह आरोपियों को रिहा किया गया था, जिसमें राज्य से बाहर रहने के निर्देश भी शामिल थे।
ईडी की जांच के अनुसार छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2019 से 2023 के बीच शराब नीति में बदलाव कर चहेते सप्लायरों को लाभ पहुंचाया गया। लाइसेंस की शर्तें इस तरह तय की गईं कि चयनित कंपनियों को ही काम मिल सके। इन कंपनियों ने नकली होलोग्राम और सील तैयार कराईं, जिससे बिना वैध रिकॉर्ड के शराब की बिक्री होती रही।
जांच में सामने आया है कि नोएडा की एक कंपनी के माध्यम से नकली होलोग्राम लगाए गए, जिसके बाद महंगी शराब की बोतलें सरकारी दुकानों से बेची गईं। नकली होलोग्राम होने के कारण बिक्री का विवरण शासन के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो सका और बिना एक्साइज टैक्स दिए शराब की बिक्री होती रही। इससे शासन को करीब 2165 करोड़ रुपये के कर राजस्व का नुकसान हुआ। जांच एजेंसियों के अनुसार इस राशि का उपयोग विभिन्न गतिविधियों में किया गया, जिसकी जांच जारी है।
