रायपुर में भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर मंथन, संसदीय समिति ने कृषि निर्यात और निवेश के अवसरों पर की चर्चा

रायपुर। राज्यसभा सांसद एवं वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्ष डोला सेन की अध्यक्षता में गुरुवार को रायपुर के एक निजी होटल में समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के मूल्यांकन विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक समिति के 10 से 12 जून 2026 तक प्रस्तावित अहमदाबाद, रायपुर और भुवनेश्वर अध्ययन दौरे के तहत आयोजित की जा रही है।

बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश, निर्यात-आयात तथा आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करना और संबंधित हितधारकों से सुझाव प्राप्त कर एक व्यापक एवं तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार करना है।

कृषि और खाद्य निर्यात पर विशेष फोकस

बैठक के दौरान कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के उत्पादकों, प्रसंस्करणकर्ताओं, निर्यातकों तथा विभिन्न उद्योग संगठनों और वाणिज्य मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कृषि निर्यात को बढ़ावा देने, वैश्विक बाजारों में भारतीय उत्पादों की पहुंच मजबूत करने तथा व्यापारिक अवसरों को विस्तार देने पर चर्चा हुई।

प्रमुख संस्थाओं ने रखे अपने सुझाव

बैठक में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA), अखिल भारतीय खाद्य प्रसंस्करण संघ (AIFPA), अखिल भारतीय चावल निर्यातक संघ (AIREA), भारतीय खाद्य एवं पेय संघ (IFBA), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा वाणिज्य विभाग के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

प्रतिनिधियों ने भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को और मजबूत बनाने, निर्यात संवर्धन, कृषि आधारित उद्योगों के विकास तथा प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के वैश्विक बाजार विस्तार को लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।

व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर जोर

समिति ने भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देने, निवेश बढ़ाने तथा भारतीय कृषि एवं खाद्य उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने की संभावनाओं पर विचार किया। सदस्यों ने कहा कि वैश्विक बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए नीतिगत सुधार और बेहतर बाजार संपर्क आवश्यक हैं।

कई सांसद रहे उपस्थित

बैठक में संसदीय स्थायी समिति के सदस्य सांसद अमरा राम, बिश्वजीत सिन्हा, रमेश अवस्थी, अतुल गर्ग, धनंजय भीमराव महाडिक, रेणुका चौधरी, रोजी सैलो दामोदरन, लामनेई सिंगसित, दिलीप यादव, सदानंद महालू शेट तानवड़े, अनीता शुभदर्शिनी, डॉ. शिवपाल सिंह पटेल, आनंद भदौरिया, डॉ. प्रशांत यादवराव पडोले, डॉ. संगीता बलवंत, विजया एस. राजशेखर, राजेन्द्र कुमार और गिरधारी यादव सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में समिति के सदस्यों ने भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

About The Author