लोकेर जलाशय योजना को मिली 70.15 करोड़ की मंजूरी, 2055 हेक्टेयर क्षेत्र को मिलेगा सिंचाई का लाभ
जशपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड स्थित लोकेर जलाशय योजना के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 70 करोड़ 15 लाख 10 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वपूर्ण परियोजना से क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
खरीफ और रबी दोनों फसलों को मिलेगा लाभ
जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत इस योजना के माध्यम से लगभग 2055 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को खरीफ और रबी दोनों मौसमों में पर्याप्त पानी मिल सकेगा, जिससे फसल उत्पादन बढ़ेगा और कृषि पर निर्भर परिवारों की आय में सुधार होगा।
किसानों के लिए बनेगी वरदान साबित
लोकेर जलाशय योजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में वर्षा पर निर्भरता कम होगी और किसानों को नियमित सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। इससे धान के साथ-साथ दलहन, तिलहन एवं अन्य नकदी फसलों की खेती को भी बढ़ावा मिलेगा।
निर्माण कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी
राज्य शासन ने योजना के निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन हेतु मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। विभाग द्वारा जल्द ही निर्माण कार्यों की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।
कृषि विकास को मिलेगी नई गति
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से न केवल सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। जल उपलब्धता बढ़ने से किसानों की उत्पादन लागत कम होगी और उनकी आय में वृद्धि होगी।
