छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री होगी ‘हनुमान अंश’, सीएम विष्णुदेव साय ने सपरिवार देखी फिल्म
राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी रहे मौजूद, नीम करौली बाबा के जीवन और संदेश पर आधारित है फिल्म
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल के सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किया जाएगा।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार उपस्थित रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी फिल्म का आनंद लिया।
प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए : मुख्यमंत्री
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली ऐसी प्रेरणादायी फिल्में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के अधिकाधिक दर्शकों, विशेषकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उसके जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।
नीम करौली बाबा का जीवन मानवता और सेवा की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीम करौली बाबा ने अत्यंत सरल शब्दों और सहज जीवन के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव सर्वोपरि रहा। उनका संदेश आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने की सामर्थ्य रखता है।
सिनेमा केवल मनोरंजन नहीं, संस्कार और प्रेरणा का माध्यम भी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फिल्म के निर्माताओं, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का भी एक प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
‘हनुमान अंश’ के जरिए समाज तक पहुंच रहा सेवा और भक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन मूल्यों को सरल और प्रभावी रूप में समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।
उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है।
इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
