शंकरगढ़ के किसानों को बड़ी सौगात: घुघरी कला व्यपवर्तन योजना को मिली ₹4.58 करोड़ की मंजूरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ विकासखंड स्थित घुघरी कला नाला में व्यपवर्तन (डायवर्जन) योजना के निर्माण के लिए 4 करोड़ 58 लाख 75 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। जल संसाधन विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा और कृषि उत्पादन को नई गति मिलेगी।
200 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
स्वीकृत योजना के तहत कुल 200 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। इसमें 180 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की सिंचाई की व्यवस्था होगी, जबकि लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों को भी पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को वर्षभर खेती करने और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
कृषि उत्पादन और आय में होगा इजाफा
घुघरी कला व्यपवर्तन योजना के पूरा होने के बाद शंकरगढ़ विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। सिंचाई सुविधा बढ़ने से फसल उत्पादकता में वृद्धि होगी और किसानों की आय में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र के कृषि आधारित आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
समयबद्ध निर्माण के निर्देश
राज्य शासन ने परियोजना को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के लिए मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार (अंबिकापुर) को आवश्यक प्रशासनिक निर्देश जारी किए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि योजना का लाभ जल्द से जल्द किसानों तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो।
