बरपाली जंगल में जुआ खेलते चार आरोपी गिरफ्तार, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
रायगढ़। बरपाली जंगल में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर चौकी प्रभारी और एक प्रधान आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के बरपाली जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में उन्होंने चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द एएसआई बृज किशोर गिरी से जानकारी ली, लेकिन उनके द्वारा मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने नाराजगी जताई और रक्षित केंद्र, थाना घरघोड़ा तथा रैरूमाखुर्द पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जुआ रेड कराई। कार्रवाई के दौरान चार जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से पांच मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 10 हजार 600 रुपये नगद जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
मामले में चौकी प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी और बीट के प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण केंवट द्वारा सूचना संकलन में कमी और कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया।
साथ ही थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उपनिरीक्षक विजय एक्का को चौकी रैरूमाखुर्द का नया प्रभारी बनाया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि किसी भी थाना या चौकी क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब या अन्य अवैध गतिविधियां संचालित होने पर संबंधित प्रभारी की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ और सट्टा तथा ऑपरेशन आघात के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
