नई दिल्ली में निर्वाचन आयोग का राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन, फेक न्यूज और AI चुनौतियों से निपटने पर हुआ मंथन

नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए दूसरे एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में देशभर के 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 260 से अधिक अधिकारियों ने भाग लेकर निर्वाचन प्रक्रिया, मीडिया प्रबंधन और डिजिटल चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।

छत्तीसगढ़ से सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक तथा प्रदेश के सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी इस राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुए।

मुख्य चुनाव आयुक्त बोले- फेक न्यूज पर रखें कड़ी नजर

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की सभी प्रक्रियाएं संविधान, निर्वाचन कानूनों और आयोग के पारदर्शी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होती हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फर्जी और भ्रामक सूचनाओं (Fake News) को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चुनौती बताते हुए मीडिया एवं संचार अधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी के प्रभावी प्रसार की अपील की। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत भारतीय मतदाताओं के निर्वाचन प्रणाली पर मजबूत विश्वास का प्रमाण है।

AI और Deepfake से निपटने पर विशेष जोर

चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीपफेक तकनीक और भ्रामक डिजिटल सामग्री से उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख किया। उन्होंने अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इनका प्रभावी ढंग से मुकाबला करने और सही जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

साथ ही उन्होंने चुनावी साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

निर्वाचन प्रक्रिया पर हुए तकनीकी और व्यावहारिक सत्र

सम्मेलन में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए, जिनमें शामिल रहे—

  • मतदाता सूची प्रबंधन
  • मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया
  • ECINET का उपयोग
  • मीडिया प्रबंधन
  • प्रेस विज्ञप्ति लेखन
  • सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग
  • फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाओं का प्रबंधन
  • संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधान

प्रतिभागियों को समूहों में निर्वाचन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया तथा प्रदर्शनी और मीडिया कॉर्नर का अवलोकन कराया गया।

राज्यों ने साझा किए सफल अनुभव

सम्मेलन के दौरान हाल ही में चुनाव संपन्न कराने वाले राज्यों के अधिकारियों ने निर्वाचन प्रबंधन और जनसंचार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। साथ ही प्रभावी संचार रणनीतियों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों और भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।

About The Author