पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा— छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को अपूरणीय क्षति

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर पहुंचकर पद्म विभूषण से सम्मानित विश्वविख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान थीं। उन्होंने अपनी अद्भुत कला-साधना, ओजस्वी प्रस्तुति और विलक्षण प्रतिभा के बल पर पंडवानी जैसी लोककला को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया और विश्वभर में छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया।

उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, लोककला और सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी कला, व्यक्तित्व और लोक परंपराओं के संरक्षण में दिया गया योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author