योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में नई जिम्मेदारी, मुख्यमंत्री साय से मिले योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त और तनावपूर्ण जीवन में योग की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में योग के प्रचार-प्रसार, योग प्रशिक्षण कार्यक्रमों के विस्तार, जनजागरूकता अभियानों तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि संजय अग्रवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग नई ऊर्जा और दृष्टिकोण के साथ कार्य करेगा तथा प्रदेश में योग संस्कृति को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े ऐसे प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है, जिनसे आम नागरिकों का जीवन बेहतर और स्वस्थ बन सके। उन्होंने आशा जताई कि योग आयोग आने वाले समय में प्रदेशभर में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संजय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योग को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
