CM साय ने निकाली नशामुक्ति पदयात्रा, बोले- नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री साय ने लाल चौक स्थित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाने को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा से आगे बढ़ेगा प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा किसी भी प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि युवा स्वस्थ, शिक्षित और कुशल होंगे तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता का उपयोग परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में करे।
25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह
CM साय ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशामुक्ति अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रहे विभिन्न आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उनके गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासन की यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
बस्तर के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित रहा, जिससे क्षेत्र के विकास की गति प्रभावित हुई। वर्तमान में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर सहित पूरे प्रदेश के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
नई औद्योगिक नीति से रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करने के लिए नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर सहित आधुनिक और उभरते क्षेत्रों में निवेश से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर खुलने की बात उन्होंने कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना है, जो नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दे।
27 वर्षों से नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के लिए पदयात्रा
मुख्यमंत्री साय ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों को लेकर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की।
उन्होंने कहा कि समाज में स्थायी परिवर्तन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी जरूरी है। जब कोई अभियान समाज का अभियान बन जाता है, तब उसके स्थायी और व्यापक परिणाम सामने आते हैं।
