छत्तीसगढ़ में 21 नए सहायक संचालकों की नियुक्ति, युवाओं से पारदर्शिता और ईमानदारी से काम करने की अपील

O.P. चौधरी बोले—पारदर्शी व्यवस्था से मिली नियुक्ति, अब उसी पारदर्शिता का लाभ जनता तक पहुंचाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसरों के द्वार खोलने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति को प्रदेश के सुनियोजित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नवचयनित अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए अवसरों का दायरा केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है। राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति में रोजगार सृजन को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

युवाओं के लिए सरकारी नौकरी से आगे भी अवसरों की दुनिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन के प्रावधान किए गए हैं। सरकार रोजगार मेलों, निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता, क्षमता और रुचि के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले।

एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति बड़ी उपलब्धि : O.P. चौधरी

वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री O.P. चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सुनियोजित शहरीकरण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के विकास के साथ शहरी आबादी और शहरों का विस्तार बढ़ना स्वाभाविक है। इसलिए भविष्य की जरूरतों का पहले से आकलन करते हुए आधुनिक और वैज्ञानिक टाउन प्लानिंग करना समय की आवश्यकता है।

चौधरी ने बताया कि नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में पहले एक बार में केवल तीन या चार सहायक संचालकों की नियुक्तियां होती थीं, लेकिन इस बार एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इससे विभाग की प्रोफेशनल क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

पारदर्शी भर्ती का लाभ जनता तक पहुंचाएं

वित्त मंत्री चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि उनकी भर्ती पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हुई है। इसलिए अब उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि वे अपनी कार्यशैली में भी ईमानदारी और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने कहा कि जब कोई नागरिक नक्शा स्वीकृति या किसी अन्य कार्य के लिए विभाग के कार्यालय पहुंचे, तो उसे व्यवस्था में सरलता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता का अनुभव होना चाहिए।

नई पीढ़ी के अधिकारियों से विकास को मिलेगी नई ऊर्जा : केदार कश्यप

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों की नियुक्ति प्रदेश के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण विभाग की कार्यक्षमता को बढ़ाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवचयनित अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन उपस्थित थे।

About The Author