खातेगांव में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में चूक, वीडियो वायरल
खातेगांव। मध्यप्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। मंत्री के काफिले में एक युवक के घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को शिवराज सिंह चौहान खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इसी दौरान कांग्रेस नेता रोहित बंडावाला अचानक उनके काफिले के सामने पहुंच गए। वे कार से उतरकर केंद्रीय मंत्री की गाड़ी के सामने सड़क पर बैठ गए और किसानों की समस्याओं को लेकर उनसे बातचीत करने की कोशिश की।
ब्लैक शर्ट पहने और चश्मा लगाए रोहित बंडावाला का यह कदम मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में भोपाल और दिल्ली स्थित शिवराज सिंह चौहान के आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद इस तरह काफिले तक किसी का पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
घटना के बाद रोहित बंडावाला ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात भी रखी है। इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में चूक हुई है।
