रायपुर में 15 लाख की दही हांडी के लिए मचेगी होड़, B Praak और लखबीर सिंह लक्खा लगाएंगे भक्ति का तड़का
5 सितंबर को गुढ़ियारी में सजेगा 16वां विशाल दही हांडी उत्सव, महाराष्ट्र-MP समेत कई राज्यों की गोविंदा टोलियां लेंगी हिस्सा
रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की भक्ति और उत्साह से रायपुर एक बार फिर सराबोर होने जा रहा है। गुढ़ियारी में 5 सितंबर 2026, शनिवार को भव्य दही हांडी उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस बार उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि होगी। विजेता गोविंदा टोली को यह नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के विशेष सहयोग से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से अवधपुरी मैदान, दही हांडी उत्सव स्थल, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में शुरू होगा।
15 लाख की दही हांडी, कई राज्यों की टोलियों में होगा मुकाबला
आयोजन का यह 16वां वर्ष है और इस बार प्रतियोगिता को पहले से ज्यादा भव्य रूप दिया गया है। छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों से भी गोविंदा टोलियां प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
समिति के अनुसार अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों की करीब 26 गोविंदा एवं महिला गोविंदा टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टोलियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नाम दर्ज कराया है।
खास बात यह है कि प्रतियोगिता में भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। विजेता के अलावा अन्य प्रतिभागी टोलियों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि दी जाएगी।
B Praak की आवाज पर झूमेंगे युवा, लक्खा के भजनों से गूंजेगा गुढ़ियारी
इस बार दही हांडी उत्सव सिर्फ गोविंदा टोलियों के रोमांच तक सीमित नहीं रहेगा। आयोजन में भव्य सांस्कृतिक संध्या भी होगी।
कार्यक्रम में यूथ आइकन और लोकप्रिय गायक B Praak, अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा तथा छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगी।
भक्ति, संगीत और युवा जोश के इस संगम में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों के साथ Gen Z युवाओं के भी शामिल होने की उम्मीद है।
पुरुष, महिला और ग्रीस लगे खंभे की दही हांडी बनेगी आकर्षण
उत्सव में इस बार भी अलग-अलग श्रेणियों में रोमांच देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता में—
- पुरुष दही हांडी
- महिला दही हांडी
- ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी
मुख्य आकर्षण रहेंगे।
विभिन्न राज्यों से पहुंचने वाली गोविंदा टोलियां मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने के लिए अपने साहस, संतुलन, टीमवर्क और जोश का प्रदर्शन करेंगी।
सुरक्षा के लिए पुलिस, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति द्वारा प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित व्यवस्था की गई है। समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी टोली द्वारा अपने स्तर पर किए गए प्रयास से होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की स्वयं की होगी।
‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ से गूंजेगा रायपुर
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने कृष्ण भक्तों, युवाओं और रायपुरवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का यह आयोजन भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम होगा। उन्होंने लोगों से ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के साथ उत्सव को यादगार बनाने का आह्वान किया।
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल एवं सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने आयोजन की तैयारियों और प्रतियोगिता को लेकर जानकारी साझा की।
वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
