Sonam Wangchuk Health Update: दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर मेदांता अस्पताल शिफ्ट, स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की नजर
नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मंगलवार शाम सफदरजंग अस्पताल से डिस्चार्ज कर गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, शाम 6:40 बजे उन्हें डिस्चार्ज किया गया और उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट तथा उपचार संबंधी दस्तावेज मेदांता अस्पताल की चिकित्सकीय टीम को सौंप दिए गए।
स्वास्थ्य फिलहाल स्थिर, लेकिन पैनसाइटोपेनिया की समस्या बरकरार
सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, डिस्चार्ज के समय सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर थी। हालांकि, उन्हें पैनसाइटोपेनिया (रक्त की तीनों प्रमुख कोशिकाओं की कमी) की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा उनके शरीर में पोटेशियम का स्तर 3.4 mEq/L दर्ज किया गया, जिसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
मेदांता को सौंपी गई सभी मेडिकल रिपोर्ट
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उपचार में किसी प्रकार का व्यवधान न आए, इसके लिए सभी जांच रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और उपचार से जुड़े दस्तावेज मेदांता अस्पताल की मेडिकल टीम को सौंप दिए गए हैं। अब विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका आगे का इलाज जारी रहेगा।
कड़ी सुरक्षा के बीच मेदांता पहुंचे वांगचुक
सोनम वांगचुक को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल ले जाते समय सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। अस्पताल परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। उन्हें सुरक्षित तरीके से मेदांता अस्पताल की चिकित्सकीय टीम को सौंप दिया गया, जहां आगे की उपचार प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
