मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ली लोक कलाकार विक्रम यादव के स्वास्थ्य की जानकारी, बेहतर इलाज के दिए निर्देश
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं प्रख्यात बांस वादक विक्रम यादव के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए उनके परिजनों से दूरभाष पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनके समुचित उपचार और हर आवश्यक सहयोग के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव कलेक्टर से भी फोन पर बातचीत कर विक्रम यादव के इलाज की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
‘छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर हैं विक्रम यादव’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी अनूठी बांस वादन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भारतीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक नई पहचान दिलाई है।
शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
मुख्यमंत्री ने विक्रम यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कलाकार हमारी सांस्कृतिक पहचान के संवाहक हैं और उनके स्वास्थ्य एवं सम्मान की जिम्मेदारी सरकार की प्राथमिकता है।
राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के लिए प्रसिद्ध विक्रम यादव वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
